प्रेस वार्ता के दौरान कमिश्नर , आईजी और जिलाधिकारी।
- फोटो : AMAR UJALA
माई सिटी रिपोर्टर बुलंदशहर। जनपदभर में कुल 52 लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। जिनमे से एक कि मौत हो चुकी है, जबकि 8 मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं। साथ ही जनपद में सभी व्यवस्थाएं सुचारू हैं। लॉकडाउन भी प्रभावी रूप से सुचारू है। ये बातें बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान कमिश्नर अनीता सी मेश्राम ने कहीं। इस दौरान कमिश्नर ने बताया कि जनपद के शिकारपुर हॉट स्पॉट एरिया एवं वीरखेडा हॉट स्पॉट एरियाओं का निरीक्षण किया गया है। साथ कन्टेनमेंट जोन का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जा रहा है। सभी लोगों को घरों में रखा जा रहा है । वहीं जिलाधिकारी द्वारा शिकारपुर कन्टेनमेंट जोन में 169 टीमों के द्वारा 10,081 घरों का सत्यापन कराया गया है और 44274 लोगों की स्क्रिनिंग की गयी है । मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि फोन कॉल करके होम क्वारंटीन लोगों से दूरभाष पर उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की जा रही है, जिससे यदि प्रभावी लक्षण नजर आते हैं, तो आवश्यक चिकित्सीय कार्यवाही की जा सके। आयुक्त ने बताया कि जनपद में कोविड-19, एल-1 जेपी हॉस्पिटल चिट्टा में क्रियाशील है और एल-1 एक्सटेंशन के लिए वीआईआईटी, सुनहरा में आवश्यक तैयारियां चल रही हैं । बताया कि आयुष मंत्रालय की एडवाइजरी पर काढ़ा आदि पिलाये जाने की संभावना पर विचार करने की सलाह दी गयी है। हॉटस्पॉट एरिया में दवाई की होम डिलीवरी के लिए भी व्यवस्था की गई है। लोगों के सुगम इलाज के लिए फोन कॉल के माध्यम से चिकित्सक उपलब्ध हो रहे हैं। आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई के लिए 266 मोबाइल वेन, 262 ठेला जनपद में संचालित हैं। इसके अलावा दुकानदारों के नाम व फोन नंबर की सूची बनाकर भी प्रचारित की गयी है। अब तक कोटेदारों के खिलाफ 18 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। जिनमें से 9 आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं । ग्रीन व ऑरेंज जोन में आया एक एक हॉटस्पॉट एरिया जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि जनपद में कुल 12 हॉट स्पॉट एरिया हैं। जिनमे से सिकंदराबाद का वीरखेड़ा गांव अब ग्रीन जॉन में आ गया है, यहां गत 28 दिन से कोई नया केस सामने नहीं आया है। जबकि, रुकनसराय अब ऑरेंज जॉन में आ गया है यहां भी गत 14 दिन में कोई नया मामला सामने नही आया है। जनपद के 10 हॉटस्पॉट एरिया अभी भी रेड जोन की श्रेणी में ही हैं। इन सभी इलाको में कोई ढिलाई नही बरती जा रही है।