मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एक फरवरी को मसूरी में आएंगे। वह धौलाना विधानसभा प्रत्याशी धर्मेश तोमर के समर्थन में जनसभा करेंगे। शनिवार को उनकी चुनावी सभाओं का कार्यक्रम डीएम, एसएसपी समेत मंडल के अधिकारियों के पास पहुंच गया है।
हालांकि गाजियाबाद में उनकी चुनावी जनसभा की तारीख अभी तय नहीं हो पाई है। वह मसूरी से ही बुलंदशहर के लिए रवाना हो जाएंगे।एक फरवरी को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव चार्टर्ड प्लेन से लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से सुबह 10 बजे रवाना होंगे और 10:45 बजे अलीगढ़ में हवाई पट्टी पर उतरेंगे।
यहां से 15 मिनट बाद रवाना होंगे और 11:40 बजे मसूरी बस स्टैंड के पास जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। यहां धौलाना से सपा प्रत्याशी धर्मेश तोमर के समर्थन में जनसभा करेंगे। करीब 50 मिनट रुकने के बाद मसूरी से 12:30 बजे वह बुलंदशहर में औरंगाबाद के लिए रवाना हो जाएंगे।
वह बुलंदशहर में दो स्थानों पर जनसभाएं करेंगे। सपा पदाधिकारियों के पास भी उनकी जनसभा के कार्यक्रम की डिटेल पहुंच चुकी है।