मोदीनगर। डेयरी संचालक रामकुमार जाटव हत्याकांड में शामिल 50 हजार के इनामी आकाश उर्फ महादेव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आकाश डेढ़ महीने से फरार चल रहा था। पुलिस का दावा है कि आकाश ने रामकुमार की रेकी की थी।
कलछीना गांव निवासी रामकुमार जाटव की मोदीनगर में दूध की डेयरी थी। बीती 25 जुलाई की रात रामकुमार जाटव अपने बेटे सौरभ के साथ बाइक से कलछीना गांव लौट रहे थे, तभी सीकरी रेलवे फाटक के पास गोलियों से भूनकर उनकी हत्या कर दी गई। गोली लगने से सौरभ भी घायल हो गया था। सौरभ की ओर से सीकरी खुर्द निवासी वीर सिंह गुर्जर सहित छह लोगों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में आकाश उर्फ महादेव का नाम प्रकाश में आया था। आकाश ने ही रामकुमार की रेकी की थी। हत्याकांड में पांच नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जबकि, एक आरोपी ने न्यायालय में समर्पण कर दिया था। घटना के बाद से आकाश फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर पचास हजार का इनाम घोषित किया था। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार रात घेराबंदी कर आकाश उर्फ महादेव को गिरफ्तार कर लिया।