पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण नहीं हो सकी सुनवाई
चिकित्सा उपकरणों की कम आपूर्ति और फर्जी कोटेशन से 9.77 लाख रुपये के सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। आगरा के स्वास्थ्य विभाग में हुए राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) घोटाले के मामले में बृहस्पतिवार को विशेष सीबीआई अदालत में सुनवाई नहीं हो सकी। पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण अदालत ने अगली सुनवाई के लिए एक दिसंबर की तारीख निर्धारित की है। मामले में आरोपी तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विजय कुमार श्रीवास्तव की मृत्यु हो चुकी है।
सीबीआई के मुताबिक, वर्ष 2010-11 में आगरा के सीएमओ कार्यालय में सुभाष चंद बघेल फार्मासिस्ट के पद पर तैनात थे। वहीं, इलाहाबाद की मैसर्स एसटेक एंड सर्जिकल्स फर्म की प्रोपराइटर सुभांगी विमार थीं। नीरज सक्सेना फर्म का संचालन करते थे। आरोप है कि तीनों ने तत्कालीन सीएमओ डॉ. विजय कुमार श्रीवास्तव के साथ मिलकर सरकारी धन के गबन की साजिश रची।
जांच में सामने आया कि एनआरएचएम के तहत स्वास्थ्य विभाग के लिए बेबी वार्मर समेत अन्य चिकित्सा उपकरणों की खरीद में अनियमितताएं की गईं। उपकरणों की निर्धारित संख्या के मुकाबले कम आपूर्ति की गई, जबकि भुगतान अधिक मात्रा में खरीद दर्शाकर कराया गया। आरोप है कि खरीद के लिए निर्धारित टेंडर प्रक्रिया अपनाने के बजाय फर्जी कोटेशन तैयार कराए गए और उपकरणों की कीमत भी अधिक दिखाई गई।
सीबीआई का आरोप है कि इस पूरे खेल के जरिए आरोपियों ने अनुचित आर्थिक लाभ हासिल किया और सरकारी खजाने को 9.77 लाख रुपये की क्षति पहुंचाई। जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। अब मामले में एक दिसंबर को आगे की सुनवाई होगी।