वसुंधरा। सेक्टर-15 स्थित शिखर एनक्लेव सोसायटी में लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने मंगलवार को पानी का छिड़काव कराया। लोगों का कहना है कि पेड़-पौधों और सड़कों से उड़ती धूल पर काबू पाने के लिए यह कार्रवाई की गई। उड़ती धूल के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इस परेशानी से सोसायटी के 800 से अधिक लोग प्रभावित हो रहे थे। नगर निगम के उद्यान विभाग ने लोगों की शिकायत पर सोसायटी में पेड़-पौधों पर पानी का छिड़काव कराया। निवासी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि लंबे समय से बारिश न होने के कारण सोसायटी में मौजूद 40 वर्ष से अधिक पुराने पेड़-पौधों की पत्तियों पर धूल की मोटी परत जम गई थी। उन्होंने बताया कि इससे न केवल हरियाली प्रभावित हो रही थी, बल्कि पौधों की ऑक्सीजन छोड़ने की क्षमता भी कम हो गई थी। इससे आसपास के वातावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर उद्यान विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पानी का छिड़काव कराया गया, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।