लोनी। पूजा कॉलोनी में प्रमिला की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस उनके पति पवन से बातचीत करने के लिए बिहार रवाना हो गई है। उससे पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि प्रमिला की हत्या हुई है या फिर आत्महत्या का मामला है। उधर, बिहार से प्रमिला के परिजन लोनी के लिए रवाना हो गए हैं और उनके आने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जा सकेगा।
एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि प्रमिला की मौत के बाद उसके पति पवन की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला तो मोबाइल फोन की लोकेशन बिहार में मिली है। पुलिस उससे बातचीत करने के लिए बिहार के लिए रवाना हो गई है और उससे बात करने के बाद ही घटना का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि 25 जुलाई को पवन की लोकेशन लोनी में घटना स्थल पर ही थी और फिर फोन बंद कर लिया। वहीं, मंगलवार को मृतका प्रमिला की बेटी विद्या अपनी मौसी के घर मिली तो उससे बातचीत की गई है। हालांकि उससे कुछ ठोस बात पता नहीं चल पाई है। प्रमिला की बहन अंजू देवी पत्नी जगदीश सिंह यादव निवासी मजार वाली गली राम पार्क ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि प्रमिला अपनी बेटी विद्या को छह दिन पहले उनके घर छोड़कर चली गई थी। पहले भी इस तरह तीन-चार दिन के लिए वह बेटी विद्या को छोड़ कर चली जाती थीं।
एसीपी ने बताया कि महिला के परिजन बिहार में रहते हैं। परिवार के लोग भी लोनी के लिए रवाना हो गए है। परिजनों ने लोनी आने पर शिकायत देने की बात कही है। शिकायत मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। गौरतलब है कि सोमवार को पूजा कॉलोनी में पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी कि थी कि घर के अंदर से बदबू आ रही है। घर के गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर प्रमिला का शव मोर्चरी के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि प्रमिला के गले में कपड़े से फंदा लगा हुआ था और इसी बात से हत्या की आशंका है।