गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर की एक जिम में फीस बढ़ोतरी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने अपने आठ अज्ञात साथियों को बुलाकर जिम के भीतर ही युवक पर जान से मारने की नियत से डंबल और रॉड से सिर और कमर पर हमला कर दिया। इसके बाद मौके से मुख्य आरोपी फरार हो गया। कसरत कर रहे अन्य लोगों ने युवक को बचाया और पुलिस को सूचना देकर एक आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
सर्वोदय नगर निवासी वेदप्रकाश ने बताया कि कई दिनों से राहुल गुर्जर नाम का युवक जिम में आकर फीस बढ़ने की बात कहकर परेशान कर रहा था। वह खुद को जिम का स्वामी भी बताता था। इस पर वेदप्रकाश ने जिम के मालिक से फीस बढ़ोतरी की पुष्टि की। जिम स्वामी ने ऐसी किसी भी बढ़ोतरी से इन्कार कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि शनिवार को जब वह जिम करने गया तो राहुल गुर्जर ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी राहुल, रिषिक ने अपने आठ अज्ञात साथियों को बुलाकर वेदप्रकाश पर डंबल और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से वेदप्रकाश बेसुध होकर गिर गए।
कसरत कर रहे अन्य लोगों को आता देख राहुल अपने अज्ञात साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। इस दौरान रिषिक को पकड़कर लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियाें ने रिषिक को गिरफ्तार कर लिया और वेदप्रकाश को अस्पताल भेज दिया। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। राहुल गुर्जर अभी फरार चल रहा है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।