- रिश्वत लेने और महिला अधिवक्ताओं से दुर्व्यवहार का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। अदालत के एक पीठासीन अधिकारी पर रिश्वत मांगने और महिला अधिवक्ताओं से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाकर बार एसोसिएशन ने अदालत का बहिष्कार कर दिया। यह निर्णय बार अध्यक्ष राकेश त्यागी कैली की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्ताव पास करने के बाद लिया गया। उन्होंने बताया कि पीठासीन अधिकारी के खिलाफ कई महिला अधिवक्ताओं ने बदतमीजी और अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने की शिकायत की थी। इसके बाद बैठक में प्रस्ताव पास किया गया।
शुक्रवार को बैठक के बाद राकेश त्यागी ने बताया कि पीठासीन अधिकारी पर कई वादों में चेक की धनराशि के तहत दस फीसद रिश्वत लेकर आदेश पारित करने सहित अन्य आरोप हैं। उन्होंने बताया कि जनपद न्यायाधीश से मांग की गई है कि पीठासीन अधिकारी की कोर्ट से सभी वादों का स्थानांतरण दूसरी अदालत में किया जाए। बैठक में सचिव स्नेह त्यागी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।