मोदीनगर। जिला न्यायालय में हुए लाठीचार्ज के विरोध में जिला जज की बर्खास्तगी और लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने तहसील मुख्यालय के सामने दिल्ली-मेरठ मार्ग पर धरना देकर जाम लगा दिया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन से मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। करीब 30 मिनट जाम लगा रहा। अधिवक्ताओं ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर एकत्रित होकर पहले नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और फिर जुलूस निकालकर मुख्य मार्ग पर पहुंच गए। अधिवक्ता दिल्ली-मेरठ मार्ग पर धरना देकर बैठ गए। इससे मुख्य मार्ग पर जाम लग गया। कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 30 मिनट तक हंगामे की स्थिति बनी रही। आंदोलन में बार के अध्यक्ष उत्तम त्यागी, सचिव सौरभ मुदगल, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, रामकुमार चौधरी व अन्य बार के अध्यक्ष सुधीर वशिष्ठ, सचिव संजय मृदगल, संजीव चिकारा, बालेश्वर शर्मा, निशांत त्यागी, नकुल त्यागी, राजकुमार त्यागी, अनुराग गुप्ता आदि मौजूद रहे।