ज्येष्ठ दशहरा के मौके पर गंगा स्नान को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। हाईवे पर जाम से निपटने के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू की गई है। कल यानि मंगलवार रात से शनिवार की दोपहर तक ट्रक, कंटेनर, निजी बस समेत सभी भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। जबकि, जीप, कार, मिनी ट्रक व अन्य छोटे वाहन चलते रहेंगे।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को ज्येष्ठ गंगा दशहरा के मौके पर ब्रजघाट पर करीब चार से पांच लाख श्रद्धालु स्नान करेंगे। सभी लोग अपने निजी और व्यावसायिक वाहनों से गंगा स्नान व पूजा अर्चना करने यहां आएंगे। इस दौरान नेशनल हाईवे पर जाम लगने की संभावना रहेगी।
जिसे ध्यान में रखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। जिसके तहत कंटेनर, ट्रक, निजी बस वैकल्पिक मार्गों से जाएंगे। जबकि दूध, दही, फल व सब्जी के वाहन और एम्बुलेंस हाईवे पर यथावत चलते रहेंगे।
आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। यदि इसमें लापरवाही बरती गई, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि तीन जून की देर रात से छह जून की दोपहर तक हाईवे पर भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया जाएगा।