संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। 21 अगस्त को राजनगर एक्सटेंशन में मिगसन सोसायटी के बाहर प्रियंका पर हुआ एसिड अटैक का मामला फर्जी निकला। पुलिस के अनुसार प्रियंका का अपने पति और उसके प्रेमी पुलकित त्यागी का उसकी पत्नी से विवाद चल रहा है। दोनों का तलाक नहीं हुआ है। दोनों की शादी का रास्ता साफ हो जाए, इसलिए उन्होंने अपने अपने ससुरालियों को जेल भिजवाने की मंशा से पूरी साजिश रची।
पुलिस ने मिगसन निवासी प्रियंका, वजीराबाद दिल्ली निवासी उसके प्रेमी पुलकित त्यागी और पुलकित के परिचित अंकित निवासी मधुबन-बापूधाम को गिरफ्तार कर लिया। अंकित ही मालीवाड़ा स्थित राजेंद्र की दुकान से तेजाब की बोतल खरीदकर लाया था। पुलकित ने तेजाब कुछ इस तरह फेंका कि प्रियंका को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। कपड़ों पर ही उसका मामूली असर आया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक और तेजाब की खाली बोतल भी बरामद की गई है।
डीसीपी नगर राजेश कुमार ने बताया कि प्रियंका ने 2018 में अर्पित कौशिक से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों में विवाद होने लगा। इसके बाद दोनों ने तलाक का मुकदमा कर दिया। दोनों की महिला थाने में काउंसिलिंग भी चल रही थी। फरवरी 2024 में प्रियंका की मुलाकात पहले से शादीशुदा पुलकित से हुई। उसका भी अपनी पत्नी से विवाद है। दोनों ने तलाक लेकर शादी करने की योजना बनाई। लेकिन आपसी सहमति नहीं बन पाने के कारण तलाक नहीं हो पा रहा था। इसी वजह से प्रियंका व पुलकित ने मिलकर यह कहानी रच दी।
प्रियंका ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पति और पुलकित की पत्नी ने अपने परिवार के साथ मिलकर उसपर एसिड अटैक करा दिया। डीसीपी ने बताया कि जब नामजदों से पूछताछ हुई तो दोनों का कोई संपर्क नहीं था। मौके की सीसीटीवी खंगाले गए तो वहां किसी की भी पहचान नहीं हाे सकी। मोबाइल लाेकेशन के अलावा प्रिंयका, पुलकित से पूछताछ होने पर सच सामने आ गया। वह चाहते थे कि दोनों पक्ष जेल चले जाएंगे तो उनका शादी करने का रास्ता साफ हो जाएगा।