हापुड़। नगर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर रेलवे पार्क के पास चाय विक्रेता से हुई चेन स्नेचिंग की घटना का रविवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीनी गई चेन व दिल्ली से चोरी की गई एक अपाचे बाइक भी बरामद कर ली है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी जावेद अहमद निवासी मोहल्ला पीरबाऊद्दीन को आनंद विहार बिजली घर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी शुक्रवार की दोपहर करीब पौने दो बजे बाइक लेकर मोहल्ला निरासरे सेवा समिति के पास रेलवे पार्क पहुंचा। इस दौरान वह यहां बाइक खड़ी कर रेलवे पार्क के पास स्थित एक चाय की दुकान पर पहुंच गया। नगर के मोहल्ले केशवनगर फूटी लाइन निवासी केसरी सिंह यहां एक चाय की दुकान चलाते हैं। कुछ देर यहां बैठने के बाद आरोपी ने केसरी सिंह से चिप्स देने को कहा।
इसके बाद आरोपी उनके गले से चेन खींचकर पार्क से होता हुआ दीवार फांदकर यहां से बाइक लेकर फरार हो गया। घटना करने से पहले आरोपी रेलवे पार्क के पास एक जूस की दुकान पर भी पहुंचा और यहां जूस पिया। जूस के रुपये उसने जूस वाले को पेटीएम के माध्यम से किए। चेन छिनैती की घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों व आरोपी ने जूस वाले को पेटीएम से किए रुपये को अपनी जांच का आधार बनाया। इसके बाद पुलिस आसानी से आरोपी तक पहुंच गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले चार पांच दिनों से लगातार चाय विक्रेता की रेकी कर रहा था। आरोपी ने चाय विक्रेता के दुकान से चाय भी पी थी। सीओ ने बताया कि आरोपी ने पिछले दिनों दिल्ली के थाना मयूर विहार ईस्ट से एक अपाचे बाइक चोरी करना भी स्वीकार किया है। आरोपी इससे पहले नगर कोतवाली में चार मुकदमे भी दर्ज हैं।