माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र में महिलाओं से चेन छीनने वाले बाइक सवार बदमाश से शनिवार देर रात पुलिस की कड़कड़ मॉडल आरओबी के नीचे मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम ने पैर में गोली मारकर बदमाश को घायल कर दिया। बदमाश के पास से चोरी की बाइक, तमंचा और दो हजार 50 रुपये बरामद किए गए हैं। पूछताछ में घायल ने बृजविहार में 23 सितंबर को महिला से चेन छीनने की बात कबूल की है।
डीसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि राधाकुंज बृजविहार की तरफ से हाईस्पीड बाइक पर आते हुए दो युवकों को रोका गया था। उनसे कागजात मांगे तो वह टीम को बहलाने का प्रयास करने लगे। शक होने पर चालक की तलाशी लेने की कोशिश को तो वह बाइक स्टार्ट कर कड़कड़ मॉडल की तरफ भागने लगा। टीम ने उसका पीछा किया और आरओबी के नीचे घेर लिया। बाइक चला रहे बदमाश ने बचने के लिए पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। थानाध्यक्ष प्रीति सिंह, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमित शर्मा, एसआई रुस्तम कुमार ने टीम के साथ आरोपियों को घेर लिया। जैसे ही दोनों ने हथियार से दूसरी फायरिंग करने का प्रयास किया तो पुलिस ने एक आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे घायल कर दिया जबकि, दूसरा दूसरा साथी अंधेरे में रेलवे लाइन के किनारे से भाग गया। डीसीपी ने बताया कि टीम ने बबलू पाल उर्फ लक्की उर्फ विक्की उर्फ अक्की उर्फ नोनू पुत्र मान सिंह निवासी प्रताप नगर हर्ष विहार दिल्ली को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की बाइक, एक तमंचा, कारतूस, खोखा और नकदी बरामद की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बबलू पर दिल्ली, गाजियाबाद के थानों में लूट व चोरी के दस से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उसने 23 सितंबर को बृज विहार में शालिनी वर्मा नाम की महिला से चेन छीनने की घटना कबूल की है।