लोनी। बंथला फ्लाईओवर के नीचे बाइक सवार युवक को कार से टक्कर मारते हुई पिटाई करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो कारों में सवार होकर आए हमलावरों ने युवक और उसके साथियों को घेर लिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की पत्नी ने तीन नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। बंथला गांव निवासी सविता देवी के मुताबिक, आठ नवंबर की रात करीब 12 बजे उनके पति राहुल अपने दोस्त दीपक और गोलू के साथ बाइक से बंथला फ्लाईओवर के नीचे से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई काले रंग की स्कॉर्पियो और सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि दोनों कारों से भोला, बंटी, राहुल नागर और उनके अन्य साथी उतरे और राहुल के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।