इंदिरापुरम। थानाक्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 में शनिवार देर शाम युवकों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने का आरोप है। कुछ युवकों ने दूसरे ग्रुप के युवकों पर चाकू व अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष की ओर से इंदिरापुरम थाने में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब साढ़े सात बजे सेक्टर-1 स्थित बर्गर शॉप के पास दो ग्रुपों के युवकों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद कुछ युवक अपनी गाड़ियों से धारदार हथियार निकालकर ले आए।
आरोप है कि हमलावरों ने दूसरे पक्ष के स्वांत पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से स्वांत खुद को बचा नहीं पाया और खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो हमलावर युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। वहीं उसके साथ खड़े अराध्य और आर्यन पर भी आरोपियों ने हमला किया। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवकों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में पीड़ितों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
लोग बोले, इलाके में रोजाना जमा होते हैं बाहरी युवक
वसुंधरा सेक्टर-1 व्यस्त इलाका है। यहां बड़े ब्रांड के शोरूम, रेस्टोरेंट और कोचिंग सेंटर मौजूद हैं। शाम के समय यहां सैंकड़ों परिवार और युवा घूमने आते हैं। इसमें कुछ बाहरी युवाओं की भीड़ रोजाना यहां देखने को मिलती है, जिसके कारण सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में शाम के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होने से बहन बेटियों को दिक्कत होती है। पुलिस की गश्त बढ़ेगी तो यहां भीड़ एत्रित नहीं होगी।