इंदिरापुरम। प्रेम संबंध में रहने वाली एक युवती को शादी से इन्कार करने पर जान से मारने की धमकी मिली है। युवती ने अपने पूर्व पुरुष मित्र पर यह गंभीर आरोप लगाया है। उसने इंदिरापुरम थाना पुलिस से मामले की शिकायत की है।
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 जुलाई को वह दोस्तों के साथ वृंदावन गई थी। इसके लिए अर्श ट्रैवल्स से एक किराये की गाड़ी बुक की गई थी। यह गाड़ी सनी उर्फ भरत यादव चला रहा था। यात्रा के बाद भरत ने अच्छा मूल्यांकन देने के लिए फोन किया। इसके बाद दोनों की बातचीत बढ़ी और वे प्रेम संबंध में आ गए।
युवती का आरोप है कि भरत ने अचानक उससे शादी करने को कहा। युवती ने शादी से साफ इन्कार कर दिया और बातचीत बंद कर दी। इसके बाद आरोपी उसे फोन कर धमकाने लगा। युवती के दोस्तों और दिल्ली हाईकोर्ट में अधिवक्ता उसकी महिला मित्र को भी जान से मारने की धमकी दी गई। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।