साहिबाबाद। लिंक रोड थानाक्षेत्र में जीराम बुक्स प्राइवेट लिमिटेड के एक पूर्व कर्मचारी पर करीब 2.39 लाख की धोखाधड़ी और गबन का आरोप लगा है। कंपनी के डायरेक्टर सुनील कुमार ने पूर्व सेल्स एक्जीक्यूटिव हेमंत कक्कड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह मामला फर्जी दस्तावेज और ऑर्डर बनाकर कंपनी से पुस्तकें मंगवाकर बेचने से जुड़ा है।
पुलिस के अनुसार, हेमंत कक्कड़ सितंबर 2013 से अप्रैल 2022 तक कंपनी में सेल्स एक्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए हरियाणा और पंजाब में प्रतिनिधि के रूप में काम देखता था। आरोपी ने वर्ष 2020 से 2022 के बीच कई विक्रेताओं और विद्यालयों के नाम पर फर्जी ऑर्डर भेजे। इन ऑर्डरों के आधार पर कंपनी ने पुस्तकें भेजीं, जिन्हें आरोपी ने प्राप्त कर लिया। कोविड महामारी के दौरान उसने भुगतान में देरी का बहाना बनाया। बाद में फोन उठाना बंद कर दिया और घर से भी गायब हो गया। कंपनी की जांच टीम ने पाया कि कुछ लोगों ने कोई ऑर्डर भेजा ही नहीं था। कुछ ने बताया कि उन्होंने बिल का भुगतान हेमंत को करने की बात कही। आरोपी ने अपनी स्वयं की फर्म ''''एस7 बुक्स जिरकपुर'''' के नाम पर भी पुस्तकें मंगवाईं। उसने 65 लाख रुपये की पुस्तकें मंगवाकर अलग-अलग विद्यालयों और बुक सेलर्स को बेच दीं। इस तरह कुल 2.39 करोड़ की धोखाधड़ी सामने आई। फोन से संपर्क किया तो वह बहाने बनाने लगाए। कई बार कॉल की तो अभद्रता करते जान से मारने की धमकी भी दी। एसीपी साहिबाबाद का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।