लोनी। निशांत कॉलोनी में दिवाली पर पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि तीन युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक को घर से बाहर बुलाकर लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। कॉलोनी निवासी सूरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार को उनका छोटा भाई गली में पटाखे चला रहा था। कॉलोनी निवासी छोटू, देव और विष्णु से उसका विवाद हो गया। आसपास के लोगों ने मामला शांत करा दिया। आरोप है कि अगले दिन तीनों आरोपी उनके घर पहुंचे और बाहर बुलाकर मारपीट शुरू कर दी। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।