माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। लिंकरोड थाना क्षेत्र के वसुंधरा लाल बत्ती पर फ्लाईओवर के नीचे बाइक सवार युवकों की बाइक में पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे को गंभीर हालत में दिल्ली के अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों चचेरे भाई साहिबाबाद गांव से अपने गांव जाने के लिए निकले थे। पीड़ित परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। साहिबाबाद गांव में रोहित और राजकुमार रहे थे। दोनों चचेरे भाई बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक से अपने गांव मीरजापुर जाने के लिए निकले थे। वह साहिबाबाद गांव से निकलकर वसुंधरा फ्लाईओवर के नीचे ही पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों घायल होकर सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान रोहित की मौत हो गई जबकि राजकुमार को गंभीर हालत में दिल्ली स्थित एम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। बृहस्पतिवार को परिजनों ने लिंकरोड़ थाना पहुंचकर शिकायत दी। एसएचओ लिंकरोड शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।