गाजियाबाद। लिंकरोड साइट फोर औद्योगिक क्षेत्र की मैडोर्स रिन्यूवल एनर्जी फैक्टरी में सात मई को टेस्टिंग के दौरान कंप्रेशर फटने से दो लोगों की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। सहायक कारखाना निदेशक की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि लीकेज चेक करने के लिए नाइट्रोजन गैस से प्रेशर चेक करते समय हादसा होने की संभावना है।
सहायक निदेशक कारखाना कृपांशु गुप्ता ने बताया कि दो दिनों से टीम मौके पर जा रही है। फैक्टरी संचालक समेत अन्य कर्मचारी मौके से गायब हैं। फैक्टरी में पुलिस की ओर से भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि फैक्टरी संचालक की लापरवाही सामने आ रही है। यहां पानी को ठंडा करने वाली मशीन बनाई जाती है। टेस्टिंग के लिए नाइट्रोजन से प्रेशर चेक किया जाता है। प्रथम दृष्टया सामने आया है कि कंप्रेशर फटने से नहीं नाइट्रोजन से प्रेशर चेक करते समय नाइट्रोजन वाल्ब में कोई तकनीकी फाल्ट आने से कन्डेंशर और क्वाइल फट गई, जिससे हादसा हो गया और दो लोगों की जान चली गई।
फैक्टरी संचालक और प्रबंधन देख रहे कर्मियों से बयान लिए जाएंगे। पता किया जा रहा है कि क्या कमी थी, जिस वजह से दुर्घटना हुई। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। श्रम प्रवर्तन अधिकारी हंसराज भी टीम के साथ जांच में जुटे हैं। हंसराज ने बताया कि पुलिस की ओर से लिखी गई रिपोर्ट के आधार पर जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।