गाजियाबाद। सामाजिक कार्यकर्ता और वैज्ञानिक सोनम वांगचुक के समर्थन में आम आदमी पार्टी ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का विरोध करते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए और उप-जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष निमित्त यादव ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य के लिए जंतर-मंतर में अनशन कर रहे वैज्ञानिक, शिक्षाविद और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जबरन धरना स्थल से उठाना लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन है। जिस तरह अनशनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया, वह सरकार की तानाशाही को दर्शाता है।
ओबीसी प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. छवि यादव ने कहा कि सरकार तानाशाही पर उतारू है, जिससे युवाओं को अपनी बात रखने से वंचित किया जा सके। जंतर-मंतर पर युवाओं के साथ जिस तरह बर्बरता पूर्वक लाठी चार्ज किया गया, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है। पार्टी युवाओं की आवाज पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करती है। मीडिया प्रभारी मनोज प्रकाश त्यागी ने कहा कि सरकार सोनम वांगचुक का जबरन अनशन तुड़वा सकती है, लेकिन लोकतंत्र की आवाज को नहीं दबा सकती। इस अवसर पर गौरव शर्मा, डॉ. ओमकार चौहान, रविश सिसोदिया, एसपी सिसोदिया, अधिवक्ता शरदेंदु शर्मा, पुष्पलता, शिल्पी सचान, पुष्पलता, सुमित गुप्ता, सुधांशु त्रिवेदी आदि उपस्थित रहे।