गाजियाबाद। हत्या के प्रयास मामले में आरोपी आप नेता जगत सिंह ने सोमवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
नवीन कुंज लोनी निवासी अंशु पहलवान ने 14 जून को आम आदमी पार्टी के नेता जगत सिंह प्रधान के खिलाफ लोनी थाने में हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान अंशु पहलवान ने बताया कि वह लक्ष्मी गौ रक्षा ट्रस्ट लाल बाग सब्जी मंडी का संचालन करते हैं। प्रशासन ने जिसके लिए गौ सेवा हेतु एक भूखंड नवीन कुंज लोनी में उन्हें दिया है। 14 जून को आप नेता जगत सिंह आठ लोगों के साथ तमंचे और बंदूक के साथ जमीन पर पहुंचे और उन्हें और उनके पिता दीनदयाल के साथ गाली-गलौज कर पिटाई की। गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। दीनदयाल ने जगत सिंह सहित सभी के हाथ पैर जोड़े। उन लोगों ने एक दिन की मोहलत देते हुए जमीन को खाली करने की धमकी दी, जमीन खाली न करने पर जान से मारने की धमकी दी। अंशु की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आप नेता की तलाश कर रही थी।
जगत सिंह के अधिवक्ता सुमित पंत ने सोमवार को दोपहर जगत सिंह प्रधान को न्यायाधीश अभिषेक जायसवाल की अदालत में पेश कर सरेंडर करा दिया। अदालत ने सुनवाई के बाद जगत सिंह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामले में तीन जुलाई अगली तारीख तय की गई है।
कबाड़ की हुई नीलामी
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। कचहरी परिसर में अदालत में पड़े लकड़ी व लोहे के सभी कबाड़ की सोमवार को अदालत परिसर में नीलामी की गई। एडीजे 14 न्यायाधीश रमेश दुबे, एडीजे नौ रोहित अग्रवाल व कोर्ट मैनेजर मनोज श्रीवास्तव सहित नजारत की टीम द्वारा नीलामी की प्रक्रिया की गई। नीलामी के लिए 44 व्यक्तियों ने अपना नाम दर्ज कराया था। प्रत्येक से 20-20 हजार रुपये नीलामी में बोली लगाने के लिए जमा कराया गया।
स्क्रैप की नीलामी में चार लाख 50 हजार से बोली शुरू कराई गई। इसमें इरफान दिल्ली निवासी ने पहली बोली लगाई। इसार, शमशाद अली, नीरज गोयल, संजय शर्मा व अन्य ने भी बोली लगाई। आखिर में गोविंदपुरम विष्णु एंक्लेव निवासी आबिद अली ने चार लाख 83 हजार पर आखिरी बोली लगाई।