गाजियाबाद। डेरी पर दूध लेने गए युवक पर धारदार हथियार से हमला करने की घटना सामने आई है। घटना में संजयनगर ई ब्लॉक निवासी सौरभ यादव ने ऋतिक, दीपक और कालू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सौरभ यादव ने बताया कि वह जे ब्लॉक में दूध लेने के लिए जाते हैं। रास्ते में पड़ने वाले घर में रहने वाली महिला उनसे रंजिश रखती हैं।
बुधवार की शाम वह दूध लेने जा रहे थे, तभी महिला के घर से निकलकर बाहर आए ऋतिक, दीपक व कालू ने उनपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वह उनको जान से मारने की फिराक में थे, किसी तरह उनकी जान बची। इस बारे में एसीपी सूर्य बली मौर्य ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बंटवारे के विवाद में सिर में मारी कुर्सी
मसूरी के नाहल गांव में जमीन बंटवारे के विवाद में भाई के सिर में कुर्सी मारने की घटना हुई है। शिकायतकर्ता असलम ने बताया कि उनका भाई भूरे और आजाद से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इसी को लेकर तीनों भाई आपस में बात कर रहे थे। तभी भूरे ने उनके सिर में कुर्सी उठाकर मार दी। इसमें वह घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस बारे में एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि जांच कराई जा रही है।