मुरादनगर। दोस्त के साथ नहर में नहाने गया युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने निजी गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई।
एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि नोएडा सेक्टर 63 निवासी सचिन मौर्य (20) बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अपने दोस्त अविनाश राय निवासी दिल्ली के साथ मुरादनगर गंगनहर पर नहाने गया था। नहाते समय सचिन अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की ओर चला गया। इससे वह संतुलन खो बैठा और डूबने लगा। बताया कि सचिन ने खुद को बचाने के लिए शोर भी मचाया। मौके पर मौजूद लोगों और उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन तेज बहाव के चलते वह देखते ही देखते नहर में बह गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। एसीपी ने बताया कि युवक की खोज के लिए गोताखोर लगातार कोशिश कर रहे हैं। एनडीआरएफ टीम को भी सहायता के लिए पत्र भेजा गया है।