गाजियाबाद। जिला एमएमजी अस्पताल के चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी कर दो महिलाओं के पेट से बड़े आकार के ट्यूमर निकालने में सफलता हासिल की है। चिकित्सकों ने कैलाश नगर निवासी निर्मला देवी के पेट से करीब 15 किलो और दादरी निवासी रीता देवी के पेट से करीब 14 किलो का ट्यूमर निकाला। दोनों मरीजों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
सर्जन डॉ. मिलिंद गौतम ने बताया कि दादरी निवासी रीता देवी (45) पिछले करीब पांच महीने से पेट दर्द की समस्या से परेशान थीं। उन्होंने निजी अस्पतालों और बादलपुर स्थित सरकारी अस्पताल में भी इलाज कराया, लेकिन आराम नहीं मिला। करीब आठ दिन पहले वह जिला एमएमजी अस्पताल की ओपीडी में पहुंचीं। जांच में उनके पेट में बड़ा ट्यूमर होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद चिकित्सकों ने ऑपरेशन की सलाह दी। परिवार की सहमति मिलने पर मंगलवार को सफल सर्जरी कर करीब 14 किलो का ट्यूमर निकाला गया।
वहीं, कैलाश नगर निवासी निर्मला देवी (57) पिछले करीब एक वर्ष से पेट दर्द से पीड़ित थीं। निजी अस्पताल में उपचार के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिली। बाद में वह उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल पहुंचीं, जहां जांच में पेट में बड़ा ट्यूमर मिला। मंगलवार को चिकित्सकों ने उनका भी सफल ऑपरेशन कर करीब 15 किलो का ट्यूमर निकाला।
ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. मिलिंद के अलावा एनेस्थेटिस्ट डॉ. चरण सिंह, डॉ. विवेक, डॉ. वीके मिश्रा और ओटी टेक्नीशियन शीतल व कपिल शामिल रहे। दोनों ऑपरेशन करीब एक-एक घंटे तक चले और सफल रहे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार दोनों महिलाओं को डॉक्टरों की निगरानी में वार्ड में भर्ती रखा गया है। आवश्यक जांच के बाद दो से तीन दिन में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि अस्पताल की चिकित्सक टीम पहले भी छाती और पेट से ट्यूमर निकालने जैसे जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर चुकी है।