फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: सड़क दुर्घटना में घायल युवक को 18 घंटे तक नहीं मिल सका इलाज

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। डासना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल युवक को भर्ती करने के बावजूद संयुक्त अस्पताल में समय पर इलाज नहीं मिलने का मामला सामने आया है। घायल की मां का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद करीब 18 घंटे तक समुचित उपचार नहीं किया गया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से शिकायत की इसके बाद मरीज की जांच और उपचार शुरू हो पाया। झुंडपुरा रसूलपुर सिकरोड़ा निवासी नूरजहां ने बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे उनका 29 वर्षीय बेटा हाशिम बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में हाशिम का पैर गंभीर रूप से घायल हो गया और फ्रैक्चर के साथ खून बहने लगा। परिजन उसे डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां पर प्राथमिक उपचार और मेडिको लीगल के बाद डॉक्टरों ने उसे संयुक्त अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
विज्ञापन

नूरजहां का आरोप है कि रात करीब आठ बजे हाशिम को संयुक्त अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, लेकिन इसके बाद केवल दर्द निवारक इंजेक्शन लगाए गए। उनका कहना है कि पैर से लगातार खून बहता रहा और बार-बार अनुरोध के बावजूद न तो एक्स रे कराया गया और न ही फ्रैक्चर का उपचार शुरू किया गया। इससे घायल युवक को लगातार दर्द सहना पड़ा। परिजनों ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की। शिकायत के बाद अस्पताल प्रशासन सक्रिय हुआ। इमरजेंसी स्टाफ और ऑर्थोपेडिक सर्जन ने मरीज की जांच की और एक्स रे समेत अन्य आवश्यक जांचें कराईं। इसके साथ ही पैर से खून रोकने और आगे के उपचार की प्रक्रिया शुरू की गई। सीएमएस डॉ. संजय गुप्ता का कहना है कि मरीज को 18 घंटे तक इलाज नहीं मिलने की जानकारी उन्हें नहीं थी। परिजनों की शिकायत मिलने के बाद तुरंत संबंधित स्टाफ को निर्देश दिए गए और आवश्यक जांच और उपचार सुनिश्चित कराया गया। सीएमएस का कहना है कि परिजनों से लिखित में शिकायत मांगी है। इसके बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें