सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की शिनाख्त नोएडा सेक्टर 44 स्थित छलैरा गांव के गली नंबर तीन निवासी दीपांशु (21) के रूप में की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। वहीं युवक के पिता चमन सिंह की तहरीर पर अज्ञात डंपर चालक व रोडवेज बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दर्ज मामले में चमन सिंह ने बताया कि उनका बेटा दीपांशु अपने दोस्त चुनू के साथ बाइक से हरिद्वार कांवड़ लेने के लिए निकला था। एनएच नौ पर छिजारसी कट के पास पहुंचते ही उसकी बाइक में पीछे से आ रही रोडवेज बस ने किनारे से टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित हुई और दीपांशु व उसका दोस्त हाइवे पर ही गिर गए।
बताया कि बेटे के उठ पाने से पहले ही पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर उसे रौंदता हुआ निकल गया। न रोडवेज बस चालक ने बस रोकी और न ही डंपर रुका। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और तुरंत घायल को पास के ही अस्पताल भेजा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं युवक का दोस्त भी चोटिल हो गया। हादसे में उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने शिनाख्त के बाद युवक के परिजनों को सूचना दी। घरवाले पहुंचे तब पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवाया। दीपांशु की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
एनएच नौ पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही रोडवेज बस और डंपर को ट्रेस कर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। -सूर्यबली मौर्य, एसीपी इंदिरापुरम