साहिबाबाद। थाना क्षेत्र के शहीदनगर स्थित कल्याण चौक पर एल्युमिनियम उत्पाद बनाने की दुकान पर काम करने वाले दिल्ली के मुस्तफाबाद निवासी अयान पर उसके ही साथी श्रमिक अब्दुल ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। मामला चार मई की रात करीब 8ः30 बजे का है। उस समय अयान दुकान से खाना लेने जा रहा था। झगड़ा पुरानी कहासुनी को लेकर हुआ था। घायल का जीटीबी अस्पताल में इलाज रहा है। अयान के पिता इकराम की तहरीर पर पुलिस ने अब्दुल के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
दर्ज मुकदमे में इकराम ने बताया कि वह मूलरूप से बिजनौर के कीरतपुरा स्थित लुकमानपुरा के रहने वाले हैं। चार मई को उनका बेटा अयान अपने दोस्त शादिम के साथ खाना लेने जा रहा था। तभी रास्ते में उसके साथ काम करने वाले अब्दुल ने उसे रोका और धारदार हथियार से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। शादिम की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और तुरंत बेटे को जीटीबी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोप यह भी है कि अब्दुल और अयान को दो दिन पहले भी किसी बात को लेकर झगड़ा व कहासुनी हुई थी। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।