मोहल्ला शिवगढ़ी में गड्डे में गिरी स्कूटी निकालते युवक। संवाद
हापुड़ । मोहल्ला शिवगढ़ी में सड़क किनारे निर्माण कार्य के लिए खुदवाए गए गड्ढे में बुधवार को एक युवक स्कूटी सहित गिर गया। यह देख आसपास से गुजर रहे लोग गड्ढे के पास एकत्र हुए और कड़ी मशक्कत के बाद युवक व स्कूटी को बाहर निकाला। किसी ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दी।
स्थानीय निवासी कुलदीप ने बताया कि बुधवार की दोपहर में एक युवक स्कूटी पर सवार होकर मार्ग से गुजर रहा था। मार्ग के किनारे एक गड्ढा किसी निर्माण कार्य के लिए खोदा गया है। करीब पांच फुट गहरे इस गड्ढे की ओर युवक का ध्यान नहीं गया और बैलेंस बिगड़ने के कारण युवक स्कूटी सहित गिर गया। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिन से यह गड्ढा हुआ है। इस कारण तीन से चार हादसे हो चुके हैं। शिकायत के बाद भी गड्ढा नहीं भरवाया गया है। इसलिए पालिका को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए। ईओ संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि मामले की जानकारी कराई जा रही है। जल्द गड्ढे को भरवाया जाएगा।