इंदिरापुरम। कनावनी स्थित केजीए फर्नीचर फैक्टरी के मालिक मोहम्मद हनीफ ने अपने ही कर्मचारी को चोरी करते हुए पकड़ लिया। आरोपी मेरठ के टीपीनगर स्थित डुगरावली कॉलोनी निवासी दीपक कुमार वर्मा है। मामला 26 फरवरी की शाम का है। पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। शिकायत में मोहम्मद हनीफ ने बताया कि फैक्टरी में दीपक काफी समय से कार्यरत है। 26 फरवरी को फैक्टरी से एक सीपीयू, चेकबुक, कंपनी के कागजात गायब हो गए थे। जब उन्होंने छानबीन की तो पता चला कि दीपक ने चोरी की है। एक कर्मचारी की मदद से उसे फैक्टरी से कुछ दूरी पर ही पकड़ लिया। उसे थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में चोरी की बात स्वीकार की है। उसे गिरफ्तार कर लिया है।