लोनी। साइबर ठगों ने लोनी के इंद्रा एनक्लेव कॉलोनी में रहने वाले व्यक्ति को पेय पदार्थ कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने का झांसा देकर 97 हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद ठग ने माल भेजने के नाम पर 10 लाख रुपये और मांगे तो संदेह हुआ। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
बृजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आठ फरवरी को इंटरनेट से एक निजी पेय पदार्थ की कंपनी का नंबर लिया था। कॉल की तो कंपनी का मैनेजर बनकर वरुण कुमार नामक व्यक्ति ने बात की। उसने कार्यरत अवनीत अग्निहोत्री उर्फ आर्यन से संपर्क करने के लिए कहा। कुछ समय बाद आर्यन ने उन्हें फोन कर कुछ फार्म भेजे और पीडीएफ बनाकर वापस भेजने की बात कहीं। 10 फरवरी को उनके पास ईमेल से लोनी बार्डर थानाक्षेत्र का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने की जानकारी दी। साथ ही रजिस्ट्रेशन के नाम पर 97,299 रुपये अदा करने के लिए कहा। उक्त रुपये भेजने के बाद 12 फरवरी को पेय पदार्थ भेजे जाने के नाम पर दस लाख रुपये की जमा कराने मांग की गई। उनसे दस लाख रुपये दो बार में मांगे गए। उन्होंने पेय पदार्थ कंपनी गोदाम पर जाकर बात की तो ठगी का पता चला। एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अवनीत उर्फ आर्यन, महावीर प्रताप समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।