मोदीनगर। निवाड़ी के गांव फिरोजपुर के जंगल स्थित ईख के खेत में काले रंग की तिजोरी मिली है। तिजोरी पर तोड़फोड़ के निशान है और तिजोरी में डिजिटल लॉक है। आशंका है कि चोरी करने के बाद तिजोरी को तोड़ने के लिए खेत में लाया गया, लेकिन डिजिटल लॉक होने के कारण आरोपी तिजोरी को खोलने में असफल रहे और तिजोरी को खेत में ही छोड़कर फरार हो गए। खेत से डिजिटल लॉक लगी तिजोरी मिलना चर्चा का विषय बन गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव फिरोजपुर के किसान बुधवार दोपहर के समय खेत की तरफ गए थे। वहां ईख के खेत में एक काले रंग की डिजिटल तिजोरी पड़ी मिली तो किसान दंग रह गए। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोलरूम को दी। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने मामले की छानबीन की। तिजोरी लॉक थी और उस पर तोड़फोड़ के निशान थे। आशंका जताई गई कि डिजिटल लॉक होने के कारण आरोपी तिजोरी को खोलने नाकामयाब रहे। बता दें कि तीन दिन पूर्व मुरादनगर की राधेश्याम कालोनी के पास भी एक तिजोरी मिली थी। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि तिजोरी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।