गाजियाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बजरिया इलाके में दवा कारोबार से जुड़े एक विवाद में रिश्तेदार पर करीब 60 लाख रुपये हड़पने, पिटाई करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में अदालत ने सुनवाई के बाद शिकायत को परिवाद के रूप में दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
वादी सौदान सिंह ने अदालत को दी अर्जी में आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में उसने अपने रिश्तेदार सोनू सिंह के साथ मिलकर मैसर्स सुपर ड्रग्स एजेंसी नाम से दवाइयों का थोक कारोबार शुरू किया था। यह दुकान थाना कोतवाली क्षेत्र के बजरिया स्थित राइटगंज पश्चिमी में किराए पर ली गई थी। शिकायत में कहा गया है कि कुछ समय बाद आरोपी सोनू सिंह ने व्यापारिक लेनदेन में अनियमितता शुरू कर दी और बाजार की देनदारी व अन्य मदों से जुड़ी लगभग 60 लाख रुपये की रकम हड़प ली। वादी के अनुसार 24 सितंबर 2023 को लिखित समझौता हुआ। इसमें आरोपी ने छह माह में भुगतान का आश्वासन दिया था। इसके बाद 10 जुलाई 2024 को एक और दस्तावेज तैयार किया गया, जिसमें मार्च 2025 तक पूरी राशि लौटाने की बात कही गई। आरोप है कि 23 अप्रैल 2025 को रकम मांगने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट के साथ गाली-गलौज और धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस अधिकारियों को भी शिकायत दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। अदालत ने मामले को प्रथम दृष्टया आर्थिक लेनदेन और साझेदारी विवाद मानते हुए इसे परिवाद के रूप में दर्ज किया है।