लोनी। आग लगने के दौरान अफरा तफरी के माहौल में सभी लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। इस दौरान कुछ दिन पूर्व मायके आई बेटी ममता ने मां को छत पर नहीं देखा तो उसे नीचे से लाने के लिए भागी। परिजनों ने उसे नीचे जाने से रोका लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी और अपनी मां को बचाने के प्रयास में खुद भी जान गवां बैठी।
मकान में आग लगने से चारों तरफ धुएं का गुब्बार था। हर ओर चीख पुकार की आवाज गूंज रही थी। सतीश व परिवार के कुछ सदस्य जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल पर पहुंचे। पीछे से ममता भी छत पर पहुंच गई। मां भरतो देवी मकान के निचले हिस्से में अकेली रह गई थीं। यह जानकारी होने पर वह भाग कर मां के पास पहुंच गई। दम घुटने के कारण मां बेसुुध हो रही थी। उसने मां को लेकर निकलने का प्रयास किया लेकिन धुएं से ममता का दम घुटने लगा। वह वहीं बेहोश हो गई। आग से चेहरा, हाथ, पैर व शरीर के कई अंग भी जल गए। सतीश ने बताया कि पिता की मौत के बाद मां भरतो टेंट के काम में हाथ बंटाती थीं। लोनी तिराहा स्थित फास्ट फूूड की दुकान पर बैठती थी। परिवार के सदस्य उनसे बहुत प्यार करते थे।
सिलिंडर तक नहीं पहुंची आग, एसी का कंप्रेशर फटा
घर के अंदर चार गैस सिलिंडर रखे थे, वहां तक आग नहीं पहुंच सकी। यदि सिलिंडर में आग लगती तो इससे बड़ा हादसा हो सकता था। आग से एसी का कंप्रेशर धमाके के साथ फट गया। घर में खड़ी बाइक भी जल गई। मकान को सजाने के लिए शीशे टूट गए।
विधायक, पूर्व चेयरमैन समेत कई नेता पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक नंदकिशोर गुर्जर, पूर्व चेयरमैन मनोज धामा, पूर्व चेयरमैन डॉ. विनोद बंसल, सतपाल प्रधान समेत कई नेता परिवार से मिलने पहुंचे। विधायक ने बताया कि परिजनों की मदद के लिए अधिकारियों से कहा गया है। परिवार की आर्थिक मदद की जाएगी।
काम छोड़कर आग बुझाने में जुटे राहगीर
सुबह के समय ठेली पटरी व साप्ताहिक बाजारों में सब्जी की दुकान लगाने वाले कारोबारी लालबाग सब्जी मंडी से सब्जी खरीदने जाते हैं। रोजाना की तरह सुबह चार बजे से लोगों की आवाजाही शुरू हो जाती थी। घटना देखकर सब्जी मंडी जा रहे फल व सब्जी कारोबारी पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। आग लगने पर ऊर्जा निगम से सप्लाई बंद कर दी। जिसपर पड़ोसियों ने आग बुझाने के लिए जनरेटर से सबमर्सिबल चलाए लेकिन आग नहीं बुझ सकी।
एसीपी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत दम घुटने से होने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही बाॅर्डर थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची थी। मामले में कोई तहरीर नहीं आई है।
बरतें सावधानी
फिटिंग के दौरान अच्छी क्वालटी का तार लगाए
मीटर के पास एमसीबी का इस्तेमाल करें
जिस तार में चिंगारी उठती हो, उसे तुरंत बदलवाएं बिजली के मीटर या बोर्ड के पास कोई कपड़ा ना रखें
बिजली बोर्ड में लगे सॉकेट में मल्टीप्लग ना लगाए
घरों की पुरानी वायर को बदलवाए
घरों में लगे बिजली के बोर्ड को पानी से दूर रखें
टाइम लाइन
शाॅर्ट सर्किट से लगी आग - 05:15
पड़ोसी की छत से नीच उतरे सात सदस्य - 05:30
पुलिस व दमकल कर्मी पहुंचे - 06:20
ममता को बाहर निकाला - 6:45
आग पर काबू पाया - 07:00
भरतो को बाहर निकाला : 7:12