लोनी। लालबाग बिजली घर की 33 केवीए की लाइन में शुक्रवार को आए फॉल्ट के कारण बलराम नगर, इंद्रापुरी और लालबाग कॉलोनी के करीब 15 हजार उपभोक्ताओं को 27 घंटे तक बिजली न आने से परेशान रहे। विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ा और रात जागकर बितानी पड़ी। इस दौरान उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, आरोप है कि विद्युत अधिकारियों ने फोन तक नहीं उठाए।
शुक्रवार को 33 केवीए की भूमिगत लाइन में फॉल्ट आने से इन तीनों कॉलोनियों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बारिश रुकने के बाद विद्युत कर्मियों ने फॉल्ट का पता लगाने का काम शुरू किया, लेकिन शाम को फिर हुई बारिश के कारण मरम्मत कार्य बाधित हुआ। बिजली न आने से परेशान लोगों ने अधिकारियों को फोन किए, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। रात करीब 11 बजे दूसरी लाइन जोड़कर आपूर्ति को कुछ समय के लिए सुचारू किया गया, लेकिन एक घंटे बाद ही वह भी बाधित हो गई। इस कारण लोगों को पूरी रात जाग कर बितानी पड़ी। शनिवार सुबह आपूर्ति एक बार फिर बाधित हो गई। दोपहर करीब चार बजे विद्युत निगम के कर्मचारियों ने फॉल्ट को ठीक करने के बाद ही आपूर्ति बहाल हो सकी, इससे लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान नाईपुरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़ी अन्य कॉलोनियों के निवासियों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। बलराम नगर कॉलोनी के निवासी रोहित ने बताया कि उनके पिता अस्वस्थ हैं और बिजली ने होने के कारण परेशानी बढ़ गई। इंद्रापुरी कॉलोनी में फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले अरुण ने बताया कि शुक्रवार को दिन भर बिजली न आने से काफी दिक्कत हुई। उन्हें उम्मीद थी कि रात को बिजली आ जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं किया हुआ। शनिवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो इनवर्टर भी डिस्चार्ज हो चुका था। बिजली न होने के कारण दुकान में ग्राहक नहीं आए, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ। इंद्रापुरी कॉलोनी की सैकड़ों दुकानों का हाल यही था।
क्या बोले अधिकारी
इस संबंध में अधिशासी अभियंता इंद्रापुरी, मनोज कुमार ने बताया कि रामपार्क कॉलोनी के पास 33 केवीए की अंडरग्राउंड लाइन में फॉल्ट आने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 12 घंटे बिजली बंद रही और बार-बार रोस्टिंग (बिजली कटौती) के चलते आपूर्ति सुचारू नहीं होने में समय लग गया। हालांकि अब सब सामान्य है।