सिकंदराबाद। मायके के लोगों की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। खुर्जा थाना क्षेत्र के गांव समसपुर निवासी मुनेश ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि सिकंदराबाद के क्षेत्र के गांव हमीदपुर में उनकी बड़ी बेटी बबीता की शादी हुई थी। उनके दो बच्चे थे। गत वर्ष दहेज उत्पीड़न के चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। समाज व बच्चों के भविष्य को देखते हुए उसने अपनी दूसरी पुत्री करिश्मा की भी शादी दामाद संदीप के से कर दी थी। आरोप लगाया कि ससुरालियों की प्रताड़ना के चलते गत मंगलवार को करिश्मा ने भी फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। उन्हें जानकारी दिए बिना ससुरालियों ने अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी पति समेत ससुराल के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।