उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र के भाटिया मोड़ निवासी विकास शर्मा ने पड़ोसियों से हुए विवाद के बाद नासिरपुर चौकी पुलिस बुला ली। पुलिस ने दोनों पक्षों को चेतावनी देकर थाने बुलाया। पुलिस के जाते ही आरोपियों ने विकास शर्मा पर सरिये और लाठी डंडों से हमला कर घायल कर दिया। बीच-बचाव में आए व्यापारी के भाई और पत्नी से भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की और घर में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंचे दर्जनों व्यापारियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सिहानी गेट थाने पहुंचे। घायल व्यापारी ने महिलाओं सहित सात लोगों को नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
अखिल भारतीय व्यापार मंडल अध्यक्ष भाटिया मोड़ विकास शर्मा ने बताया बुधवार की दोपहर नगर पालिका की टीम उनके आवास के सामने और गली में इंटरलॉकिंग का कार्य कर रही है। उन्होंने इंटरलॉकिंग कार्य मुख्य गेट से कुछ दूरी पर करने को कहा। इसी बात को लेकर पड़ोसियों ने विकास शर्मा के साथ गाली-गलौज कर दी। व्यापारी नेता ने नासिरपुर चौकी पुलिस को फोनकर बुला लिया। मौके पर नासिरपुर चौकी प्रभारी गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे और दोनों पक्षों को झगड़ा न करने की चेतावनी दी और थाने आने की बात कही।
विकास शर्मा का आरोप है कि पुलिस के निकलते ही मोहल्ले के राजेश, राहुल, अंशुल, अरूण, प्रभत उर्फ छोटू, सीता, बीना और अन्य अज्ञात हाथों में सरिया और लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और व्यापारी नेता पर हमला कर दिया। आरोपियों के हमले से विकास शर्मा लहूलुहान हो गए। विकास शर्मा के साथ मारपीट होते देख उनके भाई राकेश शर्मा, पत्नी स्वाति शर्मा और बेटी लक्षिता और बेटे यश ने आरोपियों का विरोध कर विकास शर्मा को उनके चंगुल से छुड़ाया।
आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की कर मारपीट की। हमले में उनका और उनके बेटे का मोबाइल भी मौके पर गुम हो गया। सूचना पर दर्जनों व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए और घायल को लेकर सिहानी गेट थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घायल विकास शर्मा ने उक्त आरोपियों के खिलाफ बीएनएस के अंतर्गत हमला कर घायल करने की धारा 115(2), आपराधिक धमकी की धारा 351(2) समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया गया है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।