खोड़ा। थानाक्षेत्र में संचालित जयंती गजक भंडार के मालिक राजीव गुप्ता की स्कूटी में टक्कर मारकर अज्ञात लोगों ने रुपयों का बैग छीन लिया। वारदात 10 जनवरी की रात तब हुई जब वह दुकान से घर लौट रहे थे। 12 जनवरी की रात पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में राजीव गुप्ता ने बताया कि 10 जनवरी की रात वह पत्नी पूनम के साथ दुकान बंद करके अपने घर प्रकाश नगर गली नंबर चार लौट रहे थे। रास्ते में अचानक एक बाइक ने सामने से उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूटी के साथ वह भी नीचे गिर गए। तभी पीछे से दूसरी बाइक पर दो लोग पहुंचे और रुपयों का बैग छीनकर दिल्ली की तरफ भाग गए। उन्होंने बताया कि बैग में उनके दिनभर की कमाई रखी थी। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। फुटेज में वारदात की पुष्टि होने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की बाइक को ट्रेस करने का काम सर्विलांस टीम कर रही है। जल्द ही गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।