थाना क्राॅसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे नौ पर शादी समारोह से लौट रहे लोगों को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपती समेत तीन की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला का दिल्ली में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी है।
सभी बस से उतरकर सड़क पार करने के लिए हाईवे किनारे खड़े थे। इसी दौरान हापुड़ की ओर से तेज रफ्तार से आई बस ने चारों को टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक बस को लेकर फरार हो गया। बस की चपेट में आने से चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पीआरवी और क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला एमएमजी अस्पताल और आरती अस्पताल नोएडा में भर्ती कराया।
जहां पर चिकित्सकों ने पवन उनकी पत्नी सुनीता और नीलम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में श्वेता को दिल्ली रेफर कर दिया गया। जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सड़क हादसे में घायल श्वेता को पहले जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए। पुलिस के अनुसार श्वेता ने बताया कि हापुड़ की ओर से बस ने उन्हें टक्कर मारी। चालक बस लेकर फरार हो गया।हाथ पकड़कर सड़क पार करते समय हुआ हादसा
घायल श्वेता ने पुलिस को दर्ज कराए बयान में बताया कि सड़क पार करते समय हादसा हुआ। मुरादाबाद वाली बस ने उन्हें कमला हॉल के सामने उतारा। जहां वह बाईं ओर सड़क किनारे खड़े हो गए। जहां से पवन और उनकी पत्नी सुनीता को दादरी के लिए बस और नीलम व श्वेता को विजयनगर के लिए ऑटो पकड़ने थे। सभी ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर हाईवे पार करने के लिए चले। श्वेता के अनुसार आगे पवन और उनकी पत्नी थे जबकि उनके पीछे नीलम और फिर वह थी। हाइवे पर फर्राटा भरते हुए आई बस ने आगे चल रहे तीनों को जोरदार टक्कर मारी और चालक ने बस को दाईं ओर मोड़ दिया। जिससे सबसे पीछे चल रही श्वेता बस के पिछले हिस्से की चपेट में आकर दूर जा गिरी।
बच्चे और बुजुर्ग ट्रेन से पहुंचे गाजियाबाद
पति और पत्नी के साथ उनकी एक रिश्तेदार की भी हादसे में मौत हुई है। एक महिला गंभीर है, सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, आरोपी वाहन चालक को खोजकर कार्रवाई की जाएगी।- लिपी नागायच, एसीपी वेव सिटी