मोदीनगर। यातायात पुलिस ने मोदीनगर के राधा एन्क्लेव स्थित एक घर में खड़ी बाइक का हेलमेट न लगाने के आरोप में चालान काट दिया। मोबाइल फोन पर चालान का संदेश मिलने पर वाहन स्वामी को मामले की जानकारी हुई। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से शिकायत की है।
राधा एन्क्लेव निवासी अमन कौशिक स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती मेरठ में है। अमन ने बताया कि वह रोजाना कार से मेरठ आते-जाते हैं। उनकी बाइक घर में ही खड़ी रहती है। इसके बावजूद दो दिन पहले उन्हें घर से लगभग 35 किमी दूर गाजियाबाद में बाइक का चालान कटने का संदेश मिला।
संदेश के अनुसार, हेलमेट न पहनने के आरोप में एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अमन का कहना है कि जिस समय चालान दिखाया गया है, उस समय बाइक घर में खड़ी थी। उन्होंने डीजीपी को ई-मेल भेजकर मामले की शिकायत कर मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर गलत चालान को निरस्त किया जाए।