थाना प्रभारी भुवनेश कुमार ने बताया कि जग्गा डेयरी के पास 25 गज के तीन मंजिला मकान में निरंजन सिंह परिवार संग रहते हैं। निरंजन ऑटो चलाकर परिवार का पालन पोषण करते हैं। परिवार में पत्नी ओमवती (50), तीन बेटे सुमित, अनिकेत, होमेंद्र (16) और सुमित की पत्नी मोनिका हैं। मंगलवार दोपहर को होमेंद्र, मां, भाभी व दोस्त करण निवासी गगन विहार के साथ तीसरी मंजिल पर एलईडी टीवी पर कार्यक्रम देख रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे एकाएक धमाके के साथ तेज आवाज हुई। धमाके की आवाज सुनकर लोग मौके की ओर दौड़े। कमरा पूरी तरह से धुएं से भरा और जलने की बदबू आ रही थी। लोग चारों लोगों को लेकर नजदीक के अस्पताल पहुंचे। वहां से होमेंद्र, ओमवती, करण को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने होमेंद्र को मृत घोषित कर दिया और ओमवती और करण का चिकित्सक उपचार कर रहे हैं।
धमाके से सहमे लोग, बंद कराये सिलिंडर
तेज धमाके की आवाज होने पर आसपास के लोग सहम गए थे। इसको लेकर इलाके में हड़कंप मच गया था। शुरुआत में लोगों को बम फटना लगा था। लोगों ने सतर्कता बरतते हुए घर के सिलेंडर को रेगुलेटर से बंद कर दिए थे। लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी थी। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने ब्लास्ट होने के चलते संदिग्ध होने को लेकर भी जांच की लेकिन पुलिस को मौके से कोई भी ऐसी चीज नहीं मिली। कमरे में एलईडी की स्क्रीन फटी हुई, गार्डर-पटिया की छत का कुछ हिस्सा व पीछे की दीवार का भी कुछ हिस्सा धमाके से टूट गया। कमरे में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं पुलिस एलईडी को लोकल कंपनी का होना मान रही है। संभावना है कि तेज वोल्टेज आने पर एलईडी टीवी फटा है। अक्सर इलाके में वोल्टेज में अनियमितता बनी रहती है।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि घर में एलईडी टीवी फटने से हादसा होना सामने आया है। घर के अंदर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सभी बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है।