गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र के चिरंजीव विहार की रहने वाली शिक्षिका कविता रावत से साइबर ठग ने 99 हजार रुपये ठग लिए। शातिर ने उन्हें कॉल करके उनके पिता का परिचित बताया और उन्हें पांच हजार रुपये भेजने का झांसा देकर ठगी की। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने ऑनलाइन शिकायत की है।
कविता ने बताया कि उन्हें शनिवार सुबह एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने उनसे कहा कि बेटा कैसे हो और फिर कहा कि उसे उनके पापा के पांच हजार रुपये देने हैं। जब उन्होंने कॉलर से अपने पापा से बात कराने की बात कही तो कॉलर ने उनसे बात होने की बात कही और कहा कि उन्होंने ही तुम्हारा नंबर दिया है। इसके बाद शातिर ने उनके खाते में 10 रुपये भेजकर वेरिफाई किया। फिर कहा कि अब वह पांच हजार रुपये ट्रांसफर कर रहे हैं।
आरोप है कि इसके बाद उनके पास 50 हजार रुपये खाते में आने का मैसेज आया। कॉलर ने कहा कि गलती से 50 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए हैं तो उसने उनसे 45 हजार रुपये वापस ले लिए। बाद में पता चला कि वह मैसेज फर्जी था। इसके बाद भी कॉलर ने ऐसे ही झांसे में लेकर 54 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। मामले में उन्होंने ऑनलाइन शिकायत करने के बाद कविनगर थाने में भी तहरीर दी है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।