24 घंटे ठप रही 25 गांवों की बिजली आपूर्ति
शिकारपुर। शिकारपुर क्षेत्र के अंतर्गत सरावा और कैलावन बिजलीघर को शिकारपुर स्थित 132 केवीए के बिजलीघर से आपूर्ति की जाती है।
करीब छह माह पूर्व बिजलीघर को जाने वाली लाइन का ब्रेकर जल गया था। अधिकारियों ने सरावा बिजलीघर को चालू करने के लिए नया ब्रेकर न लगाकर उसकी लाइन कैलावन बिजलीघर की लाइन के साथ जोड़ दी थी। तब से सरावा और कैलावन बिजलीघरों की सप्लाई एक साथ चल रही थी।
शनिवार देर शाम सरावा बिजलीघर की लाइन में आए फॉल्ट के कारण कैलावन बिजलीघर की लाइन भी बंद हो गई। विद्युत कर्मचारियों ने फॉल्ट तलाशा, तो 132 केवीए बिजलीघर में तकनीकी खराबी आ गई। जिसे ठीक करने के रविवार को पूरे दिन कर्मचारी जुटे रहे। शाम करीब छह बजे दोनों बिजलीघरों की लाइन चालू हो पाई। इस दौरान दोनों बिजलीघरों से जुड़े करीब 25 गांवों की बिजली आपूर्ति करीब 24 घंटे ठप रही।