मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गोविंदपुरी कॉलोनी के बाजार में मोबाइल शोरूम से चोरों ने 25 लाख के 90 मोबाइल चोरी कर लिया। चोर छत के रास्ते से शोरूम के अंदर घुसे। शुक्रवार सुबह शोरूम पहुंचने पर व्यापारी को घटना की जानकारी हुई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। चोरी की घटना से व्यापारियों में आक्रोश है। मौके पर जमा व्यापारियों ने हंगामा कर घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की।
कादराबाद गांव निवासी सचिन चौधरी का गोविंदपुरी कॉलोनी में मोबाइल शोरूम है। सचिन के भाई विनीत भी पास में ही दुकान करते हैं। सचिन ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वह शोरूम बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह शोरूम पहुंचे तो अंदर सारा सामान अस्त व्यस्त मिला। सचिन का आरोप है कि चोर कुछ दूर स्थित बाजार के जीने से शोरूम की छत पर पहुंचे और गुमटी व शोरूम के जीने का ताला तोड़ने के बाद दीवार में कूमल कर शोरूम में दाखिल हुए। सचिन के अनुसार चोरी गए मोबाइल की कीमत लगभग 25 लाख रुपये है। चोरों ने शोरूम से केवल महंगे मोबाइल ही चोरी किए हैं और बाकी सामान ऐसे ही छोड़ गए। घटना को अंजाम देने के बाद चोर उसी रास्ते से फरार हो गए। सूचना के बाद एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय और एसएचओ प्रशांत त्यागी ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। व्यापारी ने थाने में घटना की तहरीर दी है। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।