50 केंद्रों पर 25154 अभ्यर्थी देंगे बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा
गाजियाबाद। महात्मा ज्योतिबाफुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की ओर से इस बार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2019 का आयोजन कराया जा रहा है। 15 अप्रैल सोमवार को महानगर में 50 केंद्रो पर 25154 अभ्यर्थी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। दो पालियों में होने वाली बीएड जेईई के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।
एसडी डिग्री कॉलेज प्राचार्या व बीएड जेईई नोडल प्रभारी डॉ. मंजु गोयल ने बताया कि परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे और दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे की पाली में आयोजित होगी। परीक्षा के लिए गाजियाबाद में सुंदरदीप इंस्टीट्यूट, रिलाइबल इंस्टीट्यूट, एमएमएच डिग्री कॉलेज, एसडी डिग्री कॉलेज, एसडी इंटर कॉलेज, एसडी ग्लोबल स्कूल, मॉडर्न इंस्टीट्यूट, एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेठ मुकंदलाल इंटर कॉलेज, हाईटेक इंस्टीट्यूट, एचएलएम इंस्टीट्यूट, डा. अम्बेडकर इंटर कॉलेज, आईपीईएम इंस्टीट्यूट, डा. राम मनोहर लोहिया कॉलेज, एचआरआईटी इंस्टीट्यूट, आईएएमआर इंस्टीट्यूट, मेवाड़ इंस्टीट्यूट, सरस्वती प्रोफेशनल स्टडीज सहित अन्य केंद्र शामिल हैं।
हजारों अभ्यर्थी शहर में, रह सकती है जाम की स्थिति
बीएड जेईई में इस बार 25154 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों के साथ उनके साथ आने वाले परिजनों के चलते शहर में सोमवार को जाम की स्थिति रह सकती है। सेकेंड सेटरडे व रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को पहला वर्किंग-डे होगा। ऐसे में लोगों को जाम के झाम से दो-चार होना पड़ सकता है। अधिकांश केंद्र महानगर के मुख्य मार्गों पर हैं। जीटी रोड पर एसडी डिग्री कॉलेज, एसडी इंटर कॉलेज के साथ एमएमएच कॉलेज में भी परीक्षा केंद्र है। दूसरी ओर हापुड़ रोड पर सेठ मुकंदलाल कॉलेज व पास में ही एमबी गर्ल्स कॉलेज होने से भी जाम की स्थिति बन सकती है।