दिल्ली में 24 घंटे प्रवेश नहीं कर पाएंगे ट्रक
गाजियाबाद। दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर 24 घंटे तक ट्रकों पर रोक रहेगी। जाम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने व्यवस्था कर ली है। चार जनवरी की रात 11 बजे से पांच जनवरी की रात 11 बजे तक ट्रकों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इमरजेंसी सेवा और हल्के वाहन वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग कर जाम से बच सकते हैं।
दिल्ली में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरण ने एक दिन के लिए दिल्ली में ट्रकों के प्रवेश वर्जित कर दिया है। किसी भी ट्रक को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरण ने चार जनवरी की रात 11 बजे से पांच जनवरी की रात 11 बजे से मालवाहक वाहनों व ट्रकों का प्रवेश वर्जित किया है। ट्रकों को वजीराबाद सीमापुरी व यूपी गेट पर रोका जाएगा। काफी संख्या में ट्रकों के रुकने से शहर में जाम की स्थिति पैदा हो सकती है। एसपी ट्रैफिक एसएन सिंह बताया कि जाम से बचने के लिए छोटे वाहन वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग कर सकते हैं। दिल्ली जाने वाले ट्रकों को साइड में लगवाया जाएगा। जिससे हल्के वाहने चालकों को कोई दिक्कत न हो। आम नागरिकों को परेशानी न हो। गाजियाबाद महानगर गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पाठक का कहना है कि इस फैसले से गाजियाबाद से करीब 450 वाहन दिल्ली नहीं जा पाएंगे। इससे ट्रांसपोर्टर का पांच से सात करोड़ रुपये का नुकसान होगा। प्रदूषण रोकने के लिए सरकार को ठोस नीति बनानी चाहिए। कॉमर्शियल वाहनों पर प्रतिबंध लगाना गलत है।