तीसरी मंजिल से गिरी लिफ्ट, युवक फंसा
साहिबाबाद। इंदिरापुरम स्थित शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसायटी में बृहस्पतिवार सुबह वॉल्व ढीला होने से लिफ्ट तीसरी मंजिल से फर्स्ट फ्लोर पर गिर गई। लिफ्ट में एक युवक के फंसने से सोसायटी में हड़कंप मच गया। गार्ड ने युवक को बाहर निकाला।
बृहस्पतिवार सुबह शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसायटी की तीसरी मंजिल से अचानक लिफ्ट गिर गई। घटना के समय लिफ्ट में एक युवक (35) मौजूद था। लिफ्ट में फंसे युवक ने अलार्म बटन दबाकर गार्ड को सूचना दी तो सोसायटी में हड़कंप मच गया। लोग मौके पर पहुंच गए। गार्ड के साथ मिलकर लोगों ने युवक को बाहर निकाला। सोसायटी के लोगों ने बताया कि शिकायत करने पर लिफ्ट संचालन करने वाली कंपनी ने सभी लिफ्टों का निरीक्षण किया। इसके बाद जिस अपार्टमेंट की लिफ्ट में खराबी आई थी उसे ठीक किया गया। अपार्टमेंट के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दीपक शेठी ने बताया कि सोसायटी में कुल 38 लिफ्ट हैं। हर टावर में छह लिफ्ट हैं। यह घटना बी टावर की है। अब आरडब्ल्यूए ने फैसला लिया है कि हर लिफ्ट को चेक करने के बाद इसे सेफ्टी सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा।