साहिबाबाद। हिंडन एयरबेस में तैनात कर्मी के दो बार लिखित तहरीर, एक बार ऑनलाइन शिकायत और आरटीआई डालने के बाद आठ माह सोमवार को आनलाइन धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ। वायुसेना कर्मी ने अगस्त 2022 में थाली पर थाली के आफर मिलने पर दो कार्ड की डिटेल डालकर खाना बुक कराया था। ठगों ने दो खाते से 75 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी।
हिंडन वायुसेना में तैनात कर्मी उमाशंकर ने बताया कि नौ अगस्त 2022 को अपने क्वार्टर पर थे। देर रात करीब साढ़े 11 बजे दक्षिण भारत की फूड चेन से खाना आर्डर करने के लिए नंबर निकाला। उन्होंने अपने दोनों कार्ड से दो थालियां बुक कराई थीं। उसके बाद मोबाइल पर 50 हजार और 25 हजार रुपये कटने के दो मैसेज आए। वायुसेना कर्मी का कहना है कि ठगों ने उनके मोबाइल को एप्लीकेशन से हैग कर ही ओटीपी का प्रयोग किया। दोनों पेमेंट ड्रीमप्लग टेक्नोलॉजी व पेटीएम रिटेल पर हुए।
वायुसेना कर्मी ने बताया कि उन्होंने मामले की साहिबाबाद थाने में तहरीर दी थी लेकिन थाने से तहरीर खो गई। उन्होंने दोबारा तहरीर दी। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने तीसरी बार में ऑनलाइन शिकायत की। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पिछले दिनों उन्होंने आरटीआई लगाई थी। कर्मी का कहना है कि अब जाकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। एसीपी साहिबाबाद भाष्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जा रही है।