हिंडन विहार में तीन गोदाम सील
गाजियाबाद। पॉलिथीन मुक्त अभियान के तहत प्रशासन, नगर निगम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिंडन विहार स्थित तीन पन्नी गोदामों को सील कर दिया है। जबकि चार गोदाम मालिकों से 40 हजार रुपये वसूले हैं। टीम ने हिंडन विहार से 100 किलोग्राम पॉलिथीन को जब्त किया है। इसके अलावा अन्य जगहों पर की गई कार्रवाई में 445 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की गई है। 73 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है।
मंगलवार को छापामारी अभियान में टीमों ने 445 किलोग्राम पॉलिथीन को जब्त किया। सीडीओ रमेश रंजन के मुताबिक जिले में पॉलिथीन के गोदाम हिंडन विहार में हैं। यहां पर हानिकारक पॉलिथीन के ढेर लगे रहते हैं। गर्मियों में यहां अकसर आग लगने की घटना होती हैं तो बड़ी मात्रा में प्रदूषण फैलता है। इन गोदामों को शहर से बाहर ले जाने की योजना बनाई जा रही है। पॉलिथीन मुक्त अभियान के तहत मंगलवार को प्रशासन, नगर निगम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने हिंडन विहार में सुबह छापा मारा। इस दौरान तीन गोदामों को सील किया गया। जबकि चार गोदाम मालिकों को चेतावनी देते हुए जुर्माना वसूला है। हिंडन विहार के अलावा नगर निगम क्षेत्र, नगर पंचायत व नगर पालिका क्षेत्रों में छापामारी अभियान चलाकर पॉलिथीन जब्त की गई। टीमों ने नगर निगम क्षेत्र से 290 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की। मुरादनगर में 20 किलोग्राम, मोदीनगर में 56 किलोग्राम, लोनी में 14 किलोग्राम, खोड़ा में 55 किलोग्राम और डासना में 10 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की गई।
रेयान व उत्तम स्कूल में छात्रों ने नाटक के जरिए किया जागरूक
रेयान इंटरनेशनल स्कूल व उत्तम स्कूल फॉर गर्ल्स में छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगाें को पॉलिथीन के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि पॉलिथीन धरती पर रहेगी तो प्रदूषण कभी कम नही हो सकता। शहर की गंदगी दूर हो जाएगी अगर हम पॉलिथीन का उपयोग करना बंद कर दें।
जीडीए ने वसूला जुर्माना
जीडीए की टीम ने इंदिरापुरम स्थित शिप्रा सन सिटी सोसायटी के आसपास अभियान चलाकर पॉलिथीन बेचने वाले व खरीदने वालों पर कार्रवाई की। सहायक अभियंता राजेश वर्मा ने बताया कि टीम ने 10 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की और पांच लोगों से एक-एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला है।