केमिकल डिस्ट्रीब्यूटर की गोली मारकर हत्या
साहिबाबाद। राजेंद्र नगर औद्योगिक क्षेत्र में दिल्ली के एक केमिकल डिस्ट्रीब्यूटर की बाइक सवार दो बदमाशों ने सोमवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। एसएसपी और एसपी सिटी ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया है।
मॉडल टाउन दिल्ली निवासी अनिल खेड़ा (60) का केमिकल डिस्ट्रीब्यूटरशिप का कारोबार है। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह होंडा सिटी कार से राजेंद्र नगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कृष्णा क्रिएटर्स फैक्ट्री के मालिक सुशील तिवारी से मिलने पहुंचे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे वह दिल्ली के लिए निकल रहे थे। जैसे ही अपनी कार में बैठने लगे बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके पीठ में घुसकर सीने के पार हो गई। गोली की आवाज सुनकर सुशील तिवारी मौके पर पहुंचे और अनिल को उन्हीं की कार से मोहननगर के नरेंद्र मोहन अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि सूचना मिलते अनिल खेड़ा का बेटा गौरव अस्पताल पहुंचा। पुलिस को आशंका है कि रंजिश में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि बदमाश एक सीसीटीवी कैमरे में कैद मिले हैं। अभी हत्याकांड की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।